सेवा संकल्प अभियान के तहत जल संरक्षण और वाटर हार्वेस्टिंग पर दी गई जानकारी कोरबा पूर्व ताप विद्युत गृह में वर्षा जल संचयन के महत्व से अधिकारियों और कर्मचारियों को कराया गया अवगत……

Rajesh Kumar Mishra
3 Min Read

NOW HINDUSTAN. कोरबा। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा पूर्व के ओआरटी कक्ष में 13 अक्टूबर 2026 को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन (वाटर हार्वेस्टिंग) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अभियंता (उत्पादन) संजीव कंसल ने की। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. के. पाणीग्रही एवं देवेश दुबे उपस्थित रहे। वहीं अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश्वरी रावत, सुनील सरना, एल.एन. सूर्यवंशी, जी.पी. भगत तथा वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ मालती जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में रायपुर से आए कंसल्टेंट एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग विशेषज्ञ डॉ. के. पाणीग्रही तथा कोरबा पश्चिम के मुख्य रसायनज्ञ देवेश दुबे ने वर्षा जल संचयन के महत्व, उपयोगिता और जल संरक्षण के विभिन्न उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

डॉ. पाणीग्रही ने बताया कि वर्षा जल का उचित संग्रहण एवं संरक्षण भूजल स्तर को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भवनों की छतों से वर्षा जल एकत्रित कर निर्धारित संरचनाओं के माध्यम से जमीन में पहुंचाने से भूजल पुनर्भरण में मदद मिलती है। इसके साथ ही वर्षा जल का समुचित उपयोग कर जल संसाधनों का संरक्षण किया जा सकता है।

देवेश दुबे ने भी जल संरक्षण के लिए वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली को महत्वपूर्ण बताते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। वहीं मुख्य अभियंता संजीव कंसल ने विद्युत गृह परिसर में भी वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली अपनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से जल संकट को कम करने और भविष्य के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा अपने दैनिक जीवन और कार्यस्थलों पर वर्षा जल संचयन की व्यवस्था अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और जनहित में जागरूकता को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम का संचालन कारखाना प्रबंधक सुनील सरना ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मुख्य रसायनज्ञ (सीएससी) उत्तम सिंह चंद्रवंशी ने किया। इस अवसर पर विद्युत गृह के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article