कोरबा में रावण दहन के बाद युवक की चाकू मारकर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार; एक फरार…..

Rajesh Kumar Mishra
3 Min Read

मुड़ापार दशहरा मैदान में डांस को लेकर खूनी विवाद, 22 वर्षीय राहुल उर्फ गोल्डन की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार, चौथे की तलाश जारी; वारदात में इस्तेमाल हथियार जब्त

NOW HINDUSTAN. कोरबा। मुड़ापार दशहरा मैदान में रावण दहन के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। इस घटना में 22 वर्षीय राहुल कुमार उर्फ गोल्डन की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया है।

डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद

मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार दशहरा मैदान का है। जानकारी के अनुसार, रावण दहन कार्यक्रम के दौरान साउंड बॉक्स पर डांस करने को लेकर राहुल कुमार और बिट्टू चौहान के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान राहुल ने बिट्टू को धक्का देकर थप्पड़ मार दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे विजय चौहान को भी राहुल द्वारा थप्पड़ मारने की बात सामने आई है। इसके बाद विवाद और बढ़ गया।

मैदान के पीछे की गली में ले जाकर हमला

आरोप है कि विवाद से नाराज बिट्टू चौहान, विजय चौहान, सीपू चौहान और उनके एक अन्य साथी राहुल को मैदान के पीछे की गली में ले गए। वहां राहुल पर धारदार हथियार से हमला किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राहुल पर छह से सात वार किए गए। गंभीर रूप से घायल राहुल को अस्पताल ले जाया गया, जहां

इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, चौथे की तलाश

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के अनुसार, पुलिस ने बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त किया गया है। वहीं, मामले में शामिल बताए जा रहे चौथे आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

आरोपियों का अर्धमुंडन कर निकाला जुलूस

घटना के बाद गिरफ्तार आरोपियों का अर्धमुंडन कर जुलूस निकाले जाने की जानकारी भी सामने आई है। दशहरा जैसे सार्वजनिक आयोजन के दौरान हुई इस हत्या ने लोगों को झकझोर दिया है। मामूली विवाद का इस तरह हत्या में बदल जाना चिंता का विषय है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Share This Article