बालकोनगर में धूमधाम से मनाया गया विजयादशमी उत्सव, राजेश सिंह ने किया रावण-दहन, 49 वर्षों से सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक बना हुआ है सार्वजनिक विजयादशमी उत्सव…….

Rajesh Kumar Mishra
2 Min Read

NOW HINDUSTAN. Korba.  बालकोनगर के रामलीला मैदान में बालको सार्वजनिक विजयादशमी समिति द्वारा विजयादशमी का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। भगवान श्रीराम, माता सीता और हनुमान जी की आकर्षक झांकियों, रामलीला मंचन तथा भव्य रावण-दहन ने आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम में बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक श्री राजेश सिंह ने रावण-दहन किया। इस अवसर पर बालकोनगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

उत्सव का शुभारंभ पूजा-अर्चना के साथ हुआ। भगवान श्रीराम की आराधना कर कंपनी, कर्मचारियों और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं निरंतर प्रगति की कामना की गई। रामलीला की प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा का संदेश दिया। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।
रावण-दहन रहा मुख्य आकर्षण

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रावण-दहन रहा। श्री राजेश सिंह द्वारा रावण के पुतले का दहन किए जाने के साथ ही पूरा मैदान उत्साह से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया। विजयादशमी के इस आयोजन ने लोगों को सत्य, सदाचार और मर्यादा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

49 वर्षों से कायम है परंपरा

बालकोनगर का सार्वजनिक विजयादशमी उत्सव पिछले 49 वर्षों से क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है। हर वर्ष आयोजित होने वाला यह उत्सव धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा देता है।
आयोजन में उमड़ी लोगों की भीड़ ने उत्सव के प्रति क्षेत्रवासियों की आस्था और उत्साह को प्रदर्शित किया। इस तरह बालकोनगर में विजयादशमी का पर्व धार्मिक उल्लास, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक सद्भाव के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

Share This Article