NOW HINDUSTAN. कोरबा। दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज के सभी श्रेणी के कर्मचारियों को 20 प्रतिशत बोनस अथवा एक्सग्रेसिया राशि का भुगतान करने की मांग उठी है। छत्तीसगढ़ विद्युत कर्मचारी संघ-फेडरेशन ने इस संबंध में पॉवर कंपनीज के अध्यक्ष को पत्र लिखकर वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए उत्पादकता और लाभांश के आधार पर भुगतान का आदेश जारी करने का अनुरोध किया है।
संघ के महासचिव आर.सी. चेट्टी ने 21 अक्टूबर 2026 को भेजे गए पत्र में कहा है कि छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज ने देशभर में अपनी पहचान स्थापित की है और लगातार उपलब्धियां हासिल की हैं। पत्र में उल्लेख किया गया है कि बोनस संदाय अधिनियम, 1965 के तहत न्यूनतम 8.33 प्रतिशत बोनस का प्रावधान है। वहीं, संगठन ने उद्योगों में लाभांश के आधार पर 20 प्रतिशत तक बोनस दिए जाने का हवाला देते हुए बिजली कर्मचारियों को भी इसी अनुरूप लाभ देने की मांग की है।
वर्तमान बोनस राशि पर जताई चिंता
फेडरेशन का कहना है कि कर्मचारी संगठनों की ओर से सभी श्रेणियों के कर्मचारियों को सीलिंग रहित बोनस अथवा एक्सग्रेसिया देने का सुझाव लंबे समय से रखा जा रहा है, लेकिन इस पर अब तक अपेक्षित निर्णय नहीं हुआ है। पत्र में वर्तमान में मात्र 12 हजार रुपये बोनस दिए जाने का उल्लेख करते हुए इसमें बढ़ोतरी की आवश्यकता जताई गई है।
लाभ और उत्पादकता के आधार पर भुगतान का आग्रह
संगठन ने पत्र में दावा किया है कि पॉवर जनरेशन कंपनी ने पिछले कई वर्षों में बेहतर उत्पादन लक्ष्य हासिल किए हैं और एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। इसी आधार पर फेडरेशन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सभी श्रेणी के कर्मचारियों को 20 प्रतिशत बोनस अथवा एक्सग्रेसिया राशि दीपावली से पहले देने पर विचार करने का आग्रह किया है।
पत्र की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन, ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के प्रबंध निदेशकों, मुख्य अभियंता (मानव संसाधन) तथा संबंधित औद्योगिक संबंध अधिकारी को भी भेजी गई है। अब कर्मचारियों की नजर पॉवर कंपनी प्रबंधन के निर्णय पर टिकी है।
