टोकन तुंहर हाथ एप: धान खरीदी आज से, 55 केंद्रों में अब तक 44624 किसानों ने कराया पंजीयन..

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
2 Min Read

कोरबा. जिले में समर्थन मूल्य पर 55 केंद्रों में 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो जाएगी। पहले दिन बोहनी होनी मुश्किल है। धान बेचने के लिए एक भी किसान ने टोकन नहीं लिया है। धान कटाई में देरी से इस बार आवक में भी देरी हाेगी। अभी तक 44624 किसानों का पंजीयन हुआ है, जिसमें 4087 नए किसान हैं। अभी कृषि विभाग के पास आवेदन पेंडिंग है। इसकी वजह से संख्या बढ़ने की संभावना है। 41 सहकारी समितियों के 55 केंद्रों के माध्यम से खरीदी की जाएगी। 5 नए केंद्र बनाने का प्रस्ताव भेजा है, लेकिन अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। जिले को 19 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य मिला है। जुलाई-अगस्त में मानसून कमजोर होने से इस बार धान की बुआई पिछड़ गई। अभी अर्ली वैरायटी के धान की कटाई चल रही है। किसानों का कहना है कि अभी धान पकने में 15 से 20 दिन का समय लगेगा।

अधिकारियों के मुताबिक धान खरीदी की तैयारी सभी केंद्रों में पूरी कर ली गई है। बारदाना पहुंचा दिया है। धान रखने के लिए चबूतरे और फड़ की सफाई भी हो चुकी है। अभी तीन-चार दिन तक धान की आवक मुश्किल लग रही है। टोकन के लिए कोई भी किसान सामने नहीं आया है।ऑनलाइन टोकन की देंगे जानकारी जिला खाद्य अधिकारी जेके सिंह ने बताया कि इस बार राज्य शासन ने टोकन के लिए ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन की सुविधा शुरू की है। किसान टोकन तुंहर हाथ एप मोबाइल पर डाउनलोड कर सकते हैं। इसमें टोकन के लिए ऑनलाइन मांग कर सकते हैं। किसानों को इसकी जानकारी दी जाएगी।

किसानों ने नहीं लिया टोकन: नोडल

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी एके जोशी का कहना है कि 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो जाएगी, लेकिन पहले दिन के लिए किसी किसान ने टोकन नहीं लिया है। सभी केंद्रों में तैयारी पूरी कर ली गई है। बीते साल के मुकाबले इस बार टोकन में किसानों को परेशानी नहीं होगी।

Share this Article

You cannot copy content of this page