बाल विवाह उन्मूलन हेतु संकल्प सभा का आयोजन ……

Rajesh Kumar Mishra
Rajesh Kumar Mishra
3 Min Read

NOW HINDUSTAN. Korba. राजापाकर /वैशाली बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार हाजीपुर (वैशाली) की सचिव श्रीमती रितु कुमारी के प्राप्त निर्देशों के आलोक में बेलकुंडा स्थित संकल्प विद्या निकेतन स्कूल में बाल विवाह जैसे सामाजिक कुप्रथा के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण संकल्प सभा का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं किशोरों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा उन्हें अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था.

- Advertisement -

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय व्यवस्थापक संजय झा ने बच्चों को संबोधित करते हुए  कहा कि बाल विवाह न केवल एक सामाजिक बुराई है बल्कि यह कानूनन अपराध भी है. इससे बच्चों का शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास बाधित होता है. विशेष रूप से बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है।

विधिक सेवक पंकज कुमार ने बच्चों को सरल एवं रोचक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया कि कम उम्र में विवाह करने से शिक्षा अधूरी रह जाती है. स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ उत्पन्न होती हैं तथा जीवन में आगे बढ़ने के अवसर सीमित हो जाते हैं. वक्ताओं ने बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह कराने, करवाने या इसमें सहयोग करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों को यह भी बताया गया कि यदि उनके आसपास कहीं बाल विवाह की तैयारी या आयोजन की जानकारी मिले तो वे निडर होकर इसकी सूचना संबंधित प्रशासन, पुलिस, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या 15100 पर विधिक सेवा प्राधिकार को दे सकते हैं. समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह बाल विवाह जैसी कुरीति को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाए. सभा के अंत में बच्चों एवं शिक्षकों ने बाल विवाह न करने और न होने देने का सामूहिक संकल्प लिया. सभी ने यह संकल्प दोहराया कि वे स्वयं भी इस विषय पर जागरूक रहेंगे और अपने परिवार, पड़ोस एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे।

इस प्रकार यह संकल्प सभा बच्चों में सामाजिक चेतना जागृत करने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुई. ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज से बाल विवाह जैसी बुराइयों को जड़ से समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर एक स्वस्थ, शिक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है।

संवाददाता राजेन्द्र कुमार

Share this Article