
NOW HINDUSTAN. Korba. भारत सरकार की रैंप (RAMP) योजना के अंतर्गत सीएसआईडीसी रायपुर के बैनर तले एनआईएमएसएमई हैदराबाद द्वारा लाइवलीहुड कॉलेज, कोरबा में सेक्टर स्पेसिफिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
- Advertisement -
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम हैंडीक्राफ्टिंग सेक्टर में 5, 6 एवं 7 फरवरी को आयोजित किया गया, जिसमें कुल 33 महिला उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूर्व से सिलाई-बुनाई एवं हस्तशिल्प क्षेत्र से जुड़ी महिला उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी रही। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को हैंडीक्राफ्टिंग से संबंधित विभिन्न तकनीकों जैसे मैकरम वर्क, वूलन वर्क, रेक्सीन वर्क आदि को उन्नत तरीके से तैयार करने की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों की मार्केटिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की गईं। डिजिटल मार्केटिंग, डिजिटल कैटालॉगिंग तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग कर अपने उत्पादों की ब्रांडिंग और बिक्री कैसे बढ़ाई जा सकती है, इस विषय पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
एनआरएलएम में एस एच जी के गठन एवं कार्य प्रणाली और मिलने वाले रिवाल्विंग फंड के बारे में जानकारी दी गई, साथ ही महिला उद्यमियों को PMEGP योजना के अंतर्गत उपलब्ध लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि योजना के अंतर्गत कौन-कौन से दस्तावेज आवश्यक होते हैं, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया कैसे की जाती है, किस विभाग के माध्यम से आवेदन किया जाता है तथा उद्यम पंजीयन से जुड़ी अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं क्या हैं।
प्रशिक्षण के दौरान एनआईएमएसएमई के प्रतिनिधि एवं प्रशिक्षक द्वारा महिला उद्यमियों का उद्यम पंजीयन किया गया। वहीं जिन महिला उद्यमियों के दस्तावेज पूर्ण नहीं थे, उन्हें आवश्यक दस्तावेज तैयार करने, संबंधित उपकरणों एवं विभागों से संपर्क करने हेतु विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिला उद्यमियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ, जिससे उन्हें हैंडीक्राफ्टिंग सेक्टर में अपने व्यवसाय को सशक्त रूप से आगे बढ़ाने, आत्मनिर्भर बनने एवं बाजार से बेहतर तरीके से जुड़ने में सहायता मिलेगी।


