
NOW HINDUSTAN. Korba. कोरबा। जिस मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को गरीब परिवारों की बेटियों के सम्मान और सुरक्षा का प्रतीक बताया जाता है, वही योजना कोरबा में प्रशासनिक लापरवाही और अमानवीय व्यवस्था की भेंट चढ़ती नजर आई। जिले में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 260 जोड़ों को भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में खुले आसमान के नीचे बैठाकर विवाह संपन्न कराया गया, जिससे दूल्हा-दुल्हन की हालत खराब होती रही।
- Advertisement -
फोटो में साफ देखा जा सकता है कि आयोजन स्थल पर पर्याप्त टेंट, कूलिंग व्यवस्था या मौसम के अनुरूप सुरक्षा इंतजाम न के बराबर थे। सिर पर तेज धूप, नीचे तपती जमीन और ऊपर से उमस—ऐसे हालात में घंटों बैठे नवविवाहित जोड़े पसीने से तर-बतर और असहज नजर आए।
संवेदनशील योजना, लेकिन व्यवस्था पूरी तरह असंवेदनशील
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मंच, बैनर और स्वागत के दावे तो बड़े नजर आए, लेकिन जिनके लिए आयोजन था, उन्हीं की सेहत और सम्मान को नजरअंदाज कर दिया गया। दुल्हनें भारी परिधानों में सिर झुकाए बैठी रहीं, कई दूल्हे गर्मी से बेहाल दिखे, फिर भी कार्यक्रम को औपचारिकता निभाने की तरह आगे बढ़ाया गया।
क्या गरीबों की बेटियों के लिए यही ‘कल्याण’ है?
सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि
क्या प्रशासन के पास मौसम की जानकारी नहीं थी?
क्या 260 जोड़ों के लिए ठोस छाया और ठंडक की व्यवस्था करना इतना कठिन था?
या फिर यह मान लिया गया कि गरीब परिवारों की बेटियां सब सह लेंगी?
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जैसे आयोजन में यदि मूलभूत मानवीय जरूरतें भी पूरी नहीं की जा सकीं, तो सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच का फर्क साफ उजागर हो जाता है।
तस्वीरें दे रही हैं गवाही
सरकारी मंच से विकास और संवेदनशीलता की बातें होती रहीं, लेकिन तस्वीरें प्रशासन की बेरुखी की गवाही देती रहीं। यह आयोजन सवाल बनकर खड़ा हो गया है कि क्या भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम सिर्फ संख्या और फोटो खिंचवाने तक सीमित रहेंगे।
अब देखना यह है कि इस गंभीर लापरवाही पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई होती है या फिर यह मामला भी बाकी फाइलों की तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा.।
कार्यक्रम के आयोजन को लेकर मीडिया कर्मी ने कैबिनेट मंत्री से पूछा तो उन्होंने क्या कहा वो भी सुनिए
इस आयोजन में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ,कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल , निगम महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर पवन सिंह ,निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर समेत जिला पंचायत के सदस्य गण मौजूद रहे।


