NOW HINDUSTAN. Korba. रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा पर्व के तहत छत्तीसगढ़ से वाराणसी और वडनगर गए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में सम्मान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि वाराणसी और जन्मभूमि वडनगर पहुंचकर सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। साथ ही विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि युवा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक की सेवा यात्रा भी आयोजित की गई। यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के सेवाकाल की उपलब्धियों को लेकर जनता से संपर्क किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी भाजयुमो कार्यकर्ताओं के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर युवाओं ने वाराणसी और वडनगर में स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क तथा विकसित भारत के संकल्प को घर-घर तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा की असली ताकत हैं, जो प्रधानमंत्री के ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को आत्मसात कर निरंतर कार्य कर रहे हैं। युवाओं की यही सेवा भावना वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कई वरिष्ठ नेता रहे उपस्थित
सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी एवं डॉ. नवीन मार्कण्डेय, सरगुजा संभाग प्रभारी अवधेश चंदेल, अभियान प्रभारी जगदीश (रामू) रोहरा, बस्तर संभाग सह प्रभारी हरपाल सिंह, भाजयुमो प्रदेश प्रभारी वैभव बैस, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक गोविंदा गुप्ता, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अमन प्रताप सिंह एवं शुभम जायसवाल, प्रदेश मंत्री विशाल पाण्डेय, भाजयुमो प्रदेश कार्यालय मंत्री अंकित द्विवेदी, युवा मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी वासु शर्मा, दीक्षा अग्रवाल, अन्नू ठेठवार और अर्पित सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
